आस्था

देहरादून में धूमधाम से निकली 158वें वर्ष की भव्य राम बारात

देहरादून।
श्री रामलीला कला समिति द्वारा 158वें वर्ष के अवसर पर बुधवार को देहरादून में भगवान श्री राम और माता जानकी के विवाह के उपरांत भव्य राम बारात का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया।
राम बारात का शुभारंभ सहारनपुर रोड स्थित शिवाजी धर्मशाला से हुआ, जिसे कैबिनेट मंत्री खजान दास और दर्जा राज्य मंत्री श्याम अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा सहारनपुर रोड, झंडा बाजार, भंडारी चौक, मोती बाजार, मिशन स्कूल चौक, दर्शन लाल चौक, घंटाघर और तिलक रोड से होते हुए वापस शिवाजी धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुई। इस भव्य बारात में भगवान राम-लक्ष्मण, भरत-शत्रुघ्न , राजा दशरथ, महर्षि विश्वामित्र, भगवान शिव, माता दुर्गा और सूर्य दरबार की मनमोहक झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। साथ ही बालाजी बैंड (गाजियाबाद) और सपेरा बैंड (दिल्ली) की धुनों ने पूरे मार्ग में समां बांध दिया। समिति के मीडिया प्रभारी मनमोहन जायसवाल ने बताया कि इस बार श्री रामलीला का मंचन श्री रामलीला बाजार के बजाय श्री अभय मठ शक्तिपीठ, लक्ष्मण चौक(निकट हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज) में किया जा रहा है। यहां मथुरा-वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक लीला का सजीव मंचन किया जा रहा है। राम बारात के शुभ अवसर पर बुधवार को रात्रि लीला का विश्राम रहा। कार्यक्रम के दौरान समिति के संरक्षक मंडल, महामंत्री सोमप्रकाश शर्मा, अध्यक्ष राकेश महेंद्रू, कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद गोयल सहित कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button