नगला में सभासद प्रत्याशी को मिला मात्र एक वोट
किच्छा। नगला नगर पालिका में वार्ड सात के सभासद पद के प्रत्याशी वरुण कुमार को मात्र एक वोट मिला। प्रत्याशी ने बताया कि उनका घर वार्ड छह में है, लेकिन उन्होंने दोस्तों की बात रखते हुए वार्ड सात से नामांकन किया था। प्रत्याशी ने एक वोट देने वाले मतदाता का आभार जताया है।
तीस वर्षीय वरुण कुमार पंतनगर एयरपोर्ट में काम करते हैं। उनका परिवार नगला नगर पालिका परिषद के वार्ड छह में रहता है। परिवार में आठ मतदाता हैं। निकाय चुनाव में वरुण ने अपने वार्ड से सभासद पद पर चुनाव लड़ने का मन बनाया, उसने यह बात अपने दोस्तों को बताई। इस पर दोस्तों ने कहा कि उनमें से एक वार्ड छह से चुनाव लड़ना चाहता है, इसलिए वह वार्ड सात से चुनाव लड़ ले। दोस्तों ने वरुण को वार्ड 7 से चुनाव लड़ने के लिए मना लिया और चुनाव में जनसमर्थन जुटाने का वादा किया। वरुण ने भी अपनी दोस्तों की बात रखते हुए वार्ड सात से सभासद पद के लिए नामांकन पत्र भर दिया। जबकि वार्ड सात में उनका वोट तक नहीं था। वार्ड सात में कुल 440 वोट हैं। बीते गुरुवार को हुए मतदान में 367 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। यहां वरुण को मात्र एक वोट मिला। इसके बाववजूद वरुण हतोत्साहित नजर नहीं आए।