हरकी पैड़ी पर गंगा में बहा गाजियाबाद का युवक, तलाश जारी
हरिद्वार, हरकी पैड़ी क्षेत्र में शनिवार रात गंगा में नहाते समय गाजियाबाद से आए 26 वर्षीय युवक उत्सव जौहरी तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद पुलिस और जल पुलिस की टीम लगातार युवक की तलाश में सर्च अभियान चला रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था।
बताया जा रहा है कि गाजियाबाद निवासी उत्सव जौहरी शनिवार को हरिद्वार पहुंचे थे और रात के समय हरकी पैड़ी स्थित सुभाष घाट के पास गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बह गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हर की पैड़ी चौकी इंचार्ज संजीत कंडारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने सुभाष घाट के पास बनी रेलिंग से गंगा में छलांग लगाई, आशंका है कि छलांग लगाते समय उसे चोट लगी होगी, जिससे वह संभल नहीं पाया और बह गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार गंगा में युवक की तलाश कर रही है। आसपास के घाटों पर भी सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।

