दुर्घटना

रोडवेज की बस में पिकअप वाहन को मारी टक्कर, तीन की मौत

रोडवेज की बस में पिकअप वाहन को मारी टक्कर, तीन की मौत

हरिद्वार। हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यहां टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की भिड़ंत हो गई, इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार टनकपुर डिपो की रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी। जबकि पिकअप वाहन हरिद्वार से बिजनौर की ओर जा रहा था। फ्लाईओवर पर अचानक दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि बस चालक ने पिक वाहन में पीछे से टक्कर मारी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिक अप वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के वक्त पिकअप में करीब 10 लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो व्यक्ति फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अहान (18 वर्ष ) पुत्र शराफत, निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद तथा एक अज्ञात लगभग 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल शराफत (42 वर्ष ) और उनकी पत्नी शबाना (35 वर्ष) को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया। अन्य घायलों में अन्नू (18 वर्ष) पुत्र मेहंदी हसन, सोनी लाल (25 वर्ष) पुत्र राम रहीश, निवासी हरदोई तथा शमीम (42 वर्ष) पुत्र हसीनुद्दीन, निवासी बिजनौर का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में उपचार चल रहा है।

सीओ अवनी तिवारी ने बताया कि मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिए हैं तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाइड्रा की सहायता से हटाकर यातायात सुचारु करा दिया गया है। गहनता से मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button