देहरादून । विकासनगर क्षेत्र के बाबूगढ़ चुंगी स्थित एक ढाबे का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति रोटी बनाते समय उस पर थूकता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी और आक्रोश का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करते है ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खाने-पीने की वस्तुओं के साथ इस प्रकार की हरकत न केवल लोगों की धार्मिक भावनाओं और विश्वास को ठेस पहुंचाती है, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और स्वच्छता के मानकों के भी खिलाफ है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग संबंधित व्यक्ति और ढाबा संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मामले को लेकर विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने भी नाराजगी जताई है। संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि यदि वीडियो की सत्यता जांच में प्रमाणित होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मामले का संज्ञान लिया है। सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया। साथ ही वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान और ढाबे की पुष्टि के प्रयास भी किए जा रहे हैं।