ऋषिकेश, संवाददाता। विस्थापित कॉलोनी गली नंबर तीन में एक बेटे ने मां पर जानलेवा हमला कर दिया। रविवार रात घर पर बेटे ने मां को नशा करने से रोकने पर तमंचे से गोली मार दी। सिर पर गोली लगने से मां जख्मी होकर खून से लथपथ हो गई। बेटा खुद ही मां को एम्स के ट्रामा सेंटर तक लेकर पहुंचा। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
चश्मदीदों की मानें तो 63 वर्षीय उषा देवी को घायल अवस्था में बेटा सुमित गौड़ ही उसे एम्स ले जाते दिखा। आईडीपीएल पुलिस चौकी प्रभारी विवेक राठी ने बताया कि आरोपी सुमित नशे का आदी है। बाहरवीं पास आरोपी 32 वर्षीय सुमित पहले होटल में काम करता था। कुछ महीनों से वह बेरोजगार घूम रहा था। आसपास के लोगों ने बताया कि नशे को लेकर ही मां-बेटे में अक्सर विवाद चलता रहता था। सुमित अविवाहित है। दोनों घर पर अकेले ही रहते थे। तमंचा बरामद कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
0 1 1 minute read