शोक

पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट नहीं रहे

पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट नहीं रहे
डोईवाला समेत पूरे प्रदेश में शोक की लहर
परिवहन, श्रम और तकनीकी शिक्षा मंत्री के रूप में निभाई थी जिम्मेदारी
2012 में डा. निशंक और 2014 के उपचुनाव में त्रिवेंद्र रावत से रहा था राजनीतिक मुकाबला

 

उत्तराखंड की राजनीति के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन को प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। डोईवाला क्षेत्र में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
हीरा सिंह बिष्ट उत्तराखंड की राजनीति के वरिष्ठ और जनप्रिय नेताओं में शामिल थे। अविभाजित उत्तर प्रदेश में तत्कालीन मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के मंत्रिमंडल में उन्होंने परिवहन, श्रम एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे डोईवाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे और लंबे समय तक कांग्रेस संगठन के मजबूत स्तंभ माने जाते थे। सादगी, मिलनसार स्वभाव और जनसेवा के प्रति समर्पण उनकी पहचान रही।
वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने डोईवाला विधानसभा सीट से तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के खिलाफ चुनाव लड़ा, जिसमें उन्हें करीब 1,200 मतों से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2014 के डोईवाला विधानसभा उपचुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत को लगभग 6,500 मतों के अंतर से पराजित कर विधानसभा में वापसी की। डोईवाला की राजनीति में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।
पूर्व कैबिनेट मंत्री के निधन पर डोईवाला पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक मनोज नौटियाल ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट का जीवन जनसेवा, सादगी और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित रहा। उनका निधन प्रदेश की राजनीति और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट हमेशा आम लोगों की आवाज बने रहे। उनका संघर्षपूर्ण जीवन और जनसेवा का भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी रहेगा। कांग्रेस के परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट के निधन से कांग्रेस ने अपना एक अनुभवी, कर्मठ और जनप्रिय नेता खो दिया है। उन्होंने कहा कि बिष्ट का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनके बताए आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इन्होंने जताया शोक
पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, कांग्रेस वरिष्ठ नेता अश्वनी बहुगुणा, मारखम ग्रांट प्रधान परमिंदर सिंह बाउ, पूर्व ब्लाक प्रमुख नगीना रानी,भाकियू टिकैत जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा, संयुक्त किसान मोर्चा के अध्यक्ष ताजेंद्र सिंह, मारखम ग्रांट पूर्व प्रधान अब्दुल रज्जाक, नगर अध्यक्ष कांग्रेस करतार सिंह नेगी, अमित गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तडियाल,डोईवाला पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, सागर मनवाल, सभासद गौरव मल्होत्रा,अमित सैनी, ईश्वर पाल, हरभजन सिंह, सुनील बर्मन ने उनके निधन पर शोक प्रकट किया I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button