1.33 लाख की स्मैक लेकर घूम रहा था तस्कर, पुलिस ने दबोचा
रुड़की। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलौर कोतवाली पुलिस ने लंढौरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक कथित स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.45 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की बाजार कीमत करीब एक लाख 33 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार चेकिंग और संदिग्धों की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने लंढौरा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि के आधार पर मेहताब उर्फ चिटीं पुत्र सज्जाद, निवासी शिकारपुर, कोतवाली मंगलौर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.45 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने बरामद स्मैक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कोतवाली मंगलौर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस स्मैक की सप्लाई और खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।