उत्तराखंड के जनप्रतिनिधि के फार्म हाउस में युवती से गैंगरेप
दरोगा-सिपाही और सीआरपीएफ इंस्पेक्टर समेत चार गिरफ्तार
सोनीपत से महिला समेत तीन हसनपुर पहुंचे, झुलपुरी के फार्महाउस में दो कमरे किराए पर लिए
-हसनपुर कोतवाली में तैनात दरोगा और पुलिस लाइन का मुख्य आरक्षी भी फार्म हाउस पहुंचे, महिला ने लगाए आरोप
-मुजफ्फरनगर, बागपत और अलवर के रहने वाले हैं आरोपी, सीआरपीएफ इंस्पेक्टर असम व हेड कांस्टेबल दिल्ली में तैनात
हसनपुर (अमरोहा)।
हसनपुर क्षेत्र स्थित फार्म हाउस में हरियाणा से आई युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। युवती ने उत्तर प्रदेश पुलिस के दरोगा और मुख्य आरक्षी के साथ सीआरपीएफ इंस्पेक्टर व हेड कांस्टेबल पर जबरन संबंध बनाने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर बुधवार को हसनपुर थाने में चारों के खिलाफ बीएनएस की धारा 70(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने आरोपी दरोगा व सिपाही को सस्पेंड कर दिया है जबकि बाकी दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीआरपीएफ के आला अफसरों को लिखा है। वहीं फार्म हाउस उत्तराखंड राज्य के एक जनप्रतिनिधि का बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक घटना बीती 22 सितंबर की रात उत्तराखंड राज्य के एक जनप्रतिनिधि के फार्म हाउस की है। मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव सोरम निवासी मोहित सीआरपीएफ की पांचवीं बटालियन दिल्ली में हेड कांस्टेबल है। पीड़िता और मोहित पहले से परिचित थे। दोनों की मुलाकात सोनीपत में हुई थी। मोहित का परिचित अलवर जिले के बहरोल थाना क्षेत्र के हातनखेड़ा गांव निवासी लालाराम सीआरपीएफ की 156वीं बटालियन न्यू बोंगाईगांव असम में इंस्पेक्टर है। 22 सितंबर को पीड़िता, मोहित व लालाराम सोनीपत से मेरठ होते हुए हसनपुर पहुंचे थे। यहां पहुंचने पर उनकी मुलाकात मोहित के परिचित बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के सूप गांव निवासी उपनिरीक्षक संजय तोमर से हुई। संजय तोमर हसनपुर थाने में तैनात है। इसके बाद महिला समेत सभी लोग क्षेत्र के गांव झुलपुरी स्थित एक फार्म हाउस पहुंचे और वहां दो कमरे किराये पर लिए। कुछ देर बाद मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा मस्तान निवासी मुख्य आरक्षी प्रमोद भी फार्म हाउस पहुंचा। प्रमोद वर्तमान में पुलिस लाइन अमरोहा में तैनात है। महिला ने तहरीर में आरोप लगाया कि फार्म हाउस में चारों आरोपियों ने उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। हसनपुर पुलिस ने महिला की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी संजय तोमर, प्रमोद, लालाराम व मोहित को गिरफ्तार कर लिया। एसपी लखन सिंह यादव ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उप निरीक्षक संजय तोमर व प्रमोद को निलंबित कर दिया गया है।