राजनीति

हरीश रावत बोले, दिल है कि मानता नहीं, ये दिल मांगे मोर

हरीश रावत बोले, दिल है कि मानता नहीं, ये दिल मांगे मोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सराहना की
हरिद्वार। हरिद्वार से आगामी चुनाव लड़ने की इच्छा जताने के एक दिन बाद पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने हरकी पैड़ी पर मां गंगा का विधि-विधान से पूजन किया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अपनी राजनीतिक इच्छा और व्यक्तिगत आकांक्षा खुलकर सामने रखी। भावुक अंदाज में रावत ने कहा कि उनकी इच्छा है कि जीवन के अंतिम समय में उनकी अंतिम यात्रा हरिद्वार के प्रतिनिधि के तौर पर निकले।
हरिद्वार पहुंचने पर रावत ने सबसे पहले हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन किया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि दिल है कि मानता नहीं और यह दिल मांगे मोर। आगे कहा कि जो दिल मांगता है वह पूरा होता भी नहीं है। हरिद्वार से चुनाव लड़ना है या नहीं, यह उस समय की परिस्थितियों, समय, स्वास्थ्य और उम्र पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार से चुनाव लड़ने की इच्छा उनके मन में जरूर है, लेकिन अंतिम निर्णय परिस्थितियों के अनुसार ही लिया जाएगा। उन्होंने अपनी अंतिम इच्छा बताते हुए कहा कि जब भी जीवन का अंतिम समय आए तो उनकी अंतिम यात्रा हरिद्वार के प्रतिनिधि के तौर पर निकले। रावत की यह टिप्पणी उनकी एक दिन पहले की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सामने आई है। उन्होंने पोस्ट में हरिद्वार से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए कहा था कि हरिद्वार पर उनका कर्ज है और वह यहां की सेवा कर अपना कर्ज उतारना चाहते हैं। इसके बाद शुक्रवार को हरकी पैड़ी पहुंचकर उन्होंने गंगा पूजन किया। मुख्यमंत्री की ओर से हाल में की गई उनकी सार्वजनिक सराहना के सवाल पर रावत ने कहा कि यह मुख्यमंत्री का शिष्टाचार, सौम्यता और बड़प्पन है। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद एक दूसरे के प्रति सम्मान और शिष्टाचार बनाए रखना लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा है।

वहीं, चुनाव आयोग को लेकर रावत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी पिछले दोतीन वर्षों से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। रावत ने दावा किया कि हाल में दो चुनाव आयुक्तों के बयानों और रुख से राहुल गांधी की चेतावनियों की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि चुनाव कराने वाली संस्थाओं की निष्पक्षता और साख पर सवाल उठना लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल हटाने और उनके खिलाफ महाभियोग चलाने की मांग भी की।

…

डर के माहौल में जी रही जनता: हरीश रावत
पदार्था में पूर्व मुख्यमंत्री का यूथ कांग्रेस ने किया अभिनंदन
विधायक अनुपमा ने वन विभाग पर ग्रामीणों को धमकाने का लगाया आरोप
पथरी। पदार्था गुर्जर बस्ती में आयोजित अभिनंदन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि लोग डर और दहशत के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी लोगों के खिलाफ भय की राजनीति नहीं की।
यूथ कांग्रेस हरिद्वार ग्रामीण की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने हरीश रावत का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान विधायक अनुपमा रावत का भी अभिनंदन किया गया। हरीश रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा लोगों को डराकर काम कर रही है। विधायक अनुपमा रावत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाकर मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुर्जर बस्ती की महिलाओं को वन विभाग के कर्मचारियों की ओर से जंगल में लकड़ी बीनने से रोका जा रहा है और ऐसा करने पर मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेकर वन विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर ग्रामीणों की समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास करने की बात कही। कार्यक्रम में महावीर रावत, नाथीराम चौहान, हारून, मुस्तफा अंसारी, नसीर अंसारी, धर्मेंद्र चौहान, यामिन कसाना, गुलशन अंसारी, गुरजीत आदि शामिल रहे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button