हरिद्वार में 37 ई-बसें चलाने की तैयारी, कनखल-सप्तऋषि भी नेटवर्क में शामिल
हरिद्वार। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत हरिद्वार में 37 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को सीसीआर भवन में मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रस्तावित रूट और संचालन व्यवस्था की समीक्षा की गई।
एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा ने बताया कि 9 मीटर लंबी, 30 सीटर वातानुकूलित बसें शहर के करीब 15 किलोमीटर क्षेत्र में एक सर्कुलर और सात फीडर रूटों पर चलेंगी। मुख्य सर्कुलर रूट हरिद्वार रेलवे स्टेशन से ऋषिकुल, चंद्राचार्य चौक, भगत सिंह चौक, बीएचईएल, ज्वालापुर, दुर्गा चौक, शंकराचार्य चौक, सिंहद्वार, डामकोठी और तुलसी चौक होते हुए स्टेशन तक रहेगा।
फीडर रूटों से रोशनाबाद, बहादराबाद, पतंजलि, शांतिकुंज और लालढांग क्षेत्र जुड़ेंगे। जिलाधिकारी ने रूट में संशोधन करते हुए कनखल चौक, पुराना आरटीओ और सप्तऋषि क्षेत्र को भी शामिल करने के निर्देश दिए। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रस्तावित मार्गों पर बस स्टॉप बनाए जाएंगे। प्रारंभिक चरण में सर्कुलर, रोशनाबाद, बहादराबाद और पतंजलि रूट पर बसों को प्राथमिकता दी जाएगी। चार्जिंग और डिपो व्यवस्था समय से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
