हादसे ने एक ही परिवार के चार लोगों की जान ली
हरिद्वार जिले के लक्सर में दर्दनाक हादसे ने एक ही परिवार के चार लोगों की जान ले ली। जन्मदिन समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे परिवार की खुशियां सोमवार देर रात लक्सर-पुरकाजी मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। भैंसली वाला गांव के पास तेज रफ्तार डंपर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में 50 वर्षीय आदेश, उनकी बहनें 35 वर्षीय निशा और 37 वर्षीय राखी तथा आदेश की 12 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। आदेश की पत्नी, उनकी बुजुर्ग मां और छह वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
