माता-पिता पर जानलेवा हमला करने के आरोपी बेटे को कर्णप्रयाग पुलिस ने किया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त चाकू, ब्लेड और लकड़ी का डंडा बरामद
दिनांक 11 अक्टूबर 2026 को विक्रम सिंह पुत्र श्री आनंद सिंह, निवासी ग्राम बगोली, थाना कर्णप्रयाग, जनपद चमोली ने कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर देकर बताया कि दिनांक 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे उनके 27 वर्षीय पुत्र मनोज ने उनके और उनकी पत्नी श्रीमती शांति देवी के साथ मारपीट व झगड़ा किया। मनोज ने अपने हाथ में लिए ब्लेड से उन्हें जान से मारने की नीयत से सीने और चेहरे पर वार किए। बचाव करने पर उनका गला दबाने का भी प्रयास किया गया। इस दौरान उनकी पत्नी और पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उनका पुत्र चाकू लेकर भी उन्हें और उनकी पत्नी को मारने आया था तथा पूर्व में भी उन पर 3-4 बार हमला कर चुका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। शिकायत के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मु0अ0सं0 32/2026, धारा 115(2)/109(1) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह, चौकी प्रभारी बाजार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए दिनांक 11 अक्टूबर 2026 को अभियुक्त मनोज सिंह पुत्र श्री विक्रम सिंह, निवासी ग्राम बगोली, उम्र 27 वर्ष को बगोली के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बताए गए एक गुलाबी रंग का चाकू, दाढ़ी बनाने वाला एक ब्लेड तथा 3 फीट 11 इंच लंबा लकड़ी का डंडा बरामद किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम
1- उ0नि0 वीरपाल सिंह प्रभारी चौकी बाजार
2- हे0का0 हरेन्द्र सिंह चौकी गौचर
3- हे0का0 राकेश पोखरियाल
4- पीआरडी भूपेन्द्र लाल