कार्रवाई

बिना अनुमति छुट्टी पर मिले डॉक्टर का रोका वेतन

 

पौड़ी। सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और व्यवस्थाओं में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त नजर आए। शुक्रवार को उन्होंने पैठाणी के होम्योपैथिक चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान होम्योपैथिक अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी बिना अनुमति अवकाश पर मिले। डीएम ने उनका वेतन रोकने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
डीएम ने अस्पताल में दवाओं के स्टॉक, एक्सपायरी तिथि, ओपीडी, वार्ड, पैथोलॉजी लैब और लेबर रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, बेडशीट बदलने, जांच की दर सूची और चिकित्सकों के संपर्क नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही दवाओं के रखरखाव में लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने को कहा।
अस्पताल में पेयजल आपूर्ति की समस्या दूर होने पर चिकित्साधिकारियों और स्थानीय लोगों ने डीएम का आभार जताया। उन्होंने प्रसव की कम संख्या पर चिंता जताते हुए गर्भवती महिलाओं से नियमित संपर्क और सुरक्षित प्रसव की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान 108 एंबुलेंस में दवाओं और उपकरणों की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर डीएम ने एंबुलेंस संचालक को नोटिस जारी करने तथा सीएमओ को जिले की सभी एंबुलेंसों की तीन दिन के भीतर जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, अधिशासी अभियंता लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित अन्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button