उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर कहर बरपा रहा है। देहरादून समेत कई जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बिगड़ते हालात और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में तत्काल प्रभाव से छुट्टी घोषित कर दी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए प्रदेश भर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राजधानी देहरादून में बारिश से व्यापक नुकसान देखने को मिला है। प्रेमनगर के नंदा की चौकी क्षेत्र में हाल ही में बना पुल का एक हिस्सा भारी बारिश के चलते धंस गया है। इसके कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है और लोगों को भारी जाम व परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नवनिर्मित पुल के इस तरह क्षतिग्रस्त होने से निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
उधर, भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने के कारण मसूरी जाने वाला मुख्य मार्ग भी बंद हो गया है। मालदेवता क्षेत्र में भी तेज बारिश से खासा नुकसान होने की सूचना है और स्थानीय नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें अलर्ट मोड पर हैं और बंद मार्गों को सुचारू करने का प्रयास तेज कर दिया गया है।
