आस्था

खारसी गांव से शुरू हुआ जौनसार-बावर का प्रसिद्ध नुणाई लोक पर्व

चकराता। जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर का प्रसिद्ध नुणाई लोक पर्व गुरुवार को खारसी गांव से पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ शुरू हो गया। पर्व के शुभारंभ पर पूरे क्षेत्र में लोक संस्कृति और परंपराओं की अनूठी छटा देखने को मिली।
ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए ढोल-दमाऊं की थाप पर लोकगीत गाए और सामूहिक हारूल नृत्य प्रस्तुत कर पर्व की खुशियां मनाईं। इस अवसर पर महिला और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए। पूरे गांव में उत्सव का माहौल रहा और लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। स्थानीय व्यंजनों से मेहमानों का स्वागत कर पारंपरिक आतिथ्य की मिसाल भी पेश की गई। नुणाई पर्व की सांस्कृतिक छटा देखने के लिए जौनपुर और रवाई क्षेत्र सहित आसपास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में लोग खारसी पहुंचे। खारसी के अलावा मानुवा और गेहरी गांवों में भी यह पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान खाटूवा, जोगियों, थणता, पोखरी, पुनहा और बिरपा सहित कई गांवों के ग्रामीण उत्सव में शामिल हुए और जौनसार-बावर की समृद्ध लोक संस्कृति का आनंद लिया।
पर्व के आयोजन में सदर स्याणा दिवान सिंह पंवार, शूरवीर सिंह पंवार, अमर सिंह, अतर सिंह, श्याम सिंह चौहान, बीडीसी सदस्य शूरवीर चौहान, प्रधान पति मुकेश पंवार तथा भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अमित सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button