हरिद्वार।
ज्वालापुर के सुभाषनगर में चार साल की नौकरी का हिसाब मांगने पर विवाद में प्रॉपर्टी डीलर ने साथियों के साथ कर्मचारी युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि कारोबारी और उसके साथियों ने युवक को घेरकर पिस्टल और रायफल से कई राउंड फायरिंग की। युवक ने किसी तरह मौके से भाग कर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को बुग्गावाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से तीन हथियार, कारतूस और घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार बरामद हुई है। वहीं घटना में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, सुभाषनगर निवासी निशांत यादव पुत्र राजनाथ यादव ने शिकायत में बताया कि 12 और 13 नवंबर की रात वह अपने दोस्त नीरज और पड़ोसी सुमित मिश्रा के साथ रोजाना की तरह चाय पीने जा रहा था। तभी गली के बाहर ब्रेजा और फॉर्च्यूनर कार सवार पांच युवक पहुंचे। आरोप है कि नौकरी का हिसाब मांगने पर प्रॉपर्टी डीलर गुड्डू चौधरी ने गाली-गलौज करते हुए पिस्टल से निशांत के ऊपर दो फायर किए। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। साथ ही क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ आरोपियों की तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी गुड्डू चौधरी पुत्र सतपाल सिंह निवासी शिवालिक नगर रानीपुर, मनोज कुमार निवासी बिटावड़ा बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर, हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू पुत्र सतपाल सिंह निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी रानीपुर और संदीप उर्फ मोनू पुत्र नरेंद्र निवासी चंदनहेड़ी ख्वाजापुर छपरौली को गिरफ्तार कर लिया।एसएचओ चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि आरोपियों से 315 बोर की राइफल, 12 बोर पंप एक्शन गन, 32 बोर की पिस्टल, दो मैगजीन, 16 कारतूस और फॉर्च्यूनर कार बरामद हुई है। मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है।