सम्मेलन

युवाओं को नए-नए तकनीकी क्षेत्रों में उत्साहपूर्वक काम करना चाहिए।

हौसलों की उड़ान क्या होती है। संघर्ष से सफलता का रास्ता क्या होता है। चुनौतियों को स्वीकारना और उन पर विजय पाना कैसे संभव होता है। ये तमाम सारी बातें हैं, जिन्हें जानना हर किसी के लिए जरूरी है। युवाओं के लिए तो यह ज्यादा ही जरूरी है। प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का तीसरा सत्र युवाओं को ही समर्पित था। इसलिए जब देश-दुनिया में सफलता के झंडे गाड़ चुके प्रवासी उत्तराखंडियों ने अपने संघर्ष की कहानी सुनाई, तो युवाओं के लिए कई प्रेरक संदेश भी निकले।

प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का दूसरा सत्र जहां तकनीकी बातों पर केंद्रित था, वहीं तीसरा सत्र जीवन की उन सच्चाइयों पर आधारित रहा, जो जमीनी हकीकत रहती है। चमोली के थराली क्षेत्र के एक सामान्य परिवार से निकलकर कैंब्रिज तक पहुंचे वैज्ञानिक डॉ भगवती प्रसाद जोशी ने अपनी संघर्ष यात्रा के विभिन्न पड़ावों का विस्तार से जिक्र किया। आईआईएससी बेंगलूरू में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ जोशी ने कहा कि वर्तमान में क्रांतिकारी परिवर्तन हो रहे हैं। युवाओं को नए-नए तकनीकी क्षेत्रों में उत्साहपूर्वक काम करना चाहिए।

उत्तराखण्ड में सबसे कम उम्र की जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने दिल्ली में उच्च शिक्षा ग्रहण की, लेकिन रिवर्स पलायन कर टिहरी पहुंच गई। लोकल बॉडी की राजनीति में सक्रिय इशिता ने अपने संस्मरण सुनाए। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि वे खुद को चैलेंज दें और ठोस काम करके दिखाएं। कंफर्ट जोन से बाहर निकलें। अपनी आईटी कंपनी के जरिये पिथौरागढ़ जैसे सीमांत इलाके से शिक्षा व अन्य विषयों पर महत्वपूर्ण काम कर रहे जितेंद्र हनेरू ने भी अपने संस्मरण सुनाए। उन्होंने युवाओं को सुझाव दिए कि वह पढ़ाई के दौरान ही अपने स्टार्ट अप पर काम करें। अपने प्रयासों में पास फेल होने की कतई चिंता न करें।

सत्र के दौरान प्रमुख उद्यमी राजेश राणा की संघर्ष व सफलता की कहानी भी उपस्थित युवाओं व अन्य लोगों ने गौर से सुनी। टिहरी के सेम मुखेम से निकलकर कई देशों तक अपना व्यवसाय फैलाने वाले राजेश राणा ने संदेश दिया कि परिस्थितियों के अनुसार अपने को ढालना चाहिए। भले ही छोटा काम करने के लिए ही क्यों न मिले, उसमें हिचक नहीं होनी चाहिए। अपनी टेक्नालॉजी से संबंधित कंपनी चलाने वाले पुरोला के सेवक नौटियाल ने अपना व्यवसाय देश-दुनिया में फैलाया है। उन्होंने अपने संस्मरण सुनाए और कहा कि उद्यमिता को अपनाकर युवा अपने सपने जी सकते हैं।

बालिका वधू सीरियल फेम अल्मोड़ा की रूप दुर्गापाल ने बताया कि वह इंजीनियरिंग की जॉब कर रही थीं, लेकिन जीवन में ऐसा टर्निंग प्वाइंट आया कि मुंबई तक जा पहुंची। उन्होंने कहा कि करियर के मामले में युवाओं और अभिभावकों के बीच खुला संवाद होना चाहिए। लोक कलाकार कविलास नेगी ने गीतों के महत्व पर बात की और अपना प्रसिद्ध गीत “पाड़ी पाड़ी मत बोलो” सुनाया। प्रसिद्ध उद्यमी शैलेश उप्रेती का रिकार्डेड वीडियो सत्र के दौरान चलाया गया, जिसमें उन्होंने दून विश्वविद्यालय में बैटरी इनोवेशन सेंटर बनाने के प्रस्ताव का संज्ञान लेने का राज्य सरकार से अनुरोध किया।

इससे पहले, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुरेखा डंगवाल ने स्वागत व परिचय संबोधन में कहा कि जेन जी हमारे ही बच्चे हैं। हमारी ही तरह की सोचते हैं। अंतर सिर्फ इतना भर है कि वे तकनीकी युग में हैं। इसलिए उनकी गति तेज है। उन्होंने कहा कि सामान्य स्थितियों से निकलकर सफलता की इबारत लिखने वालों के संस्मरण प्रेरणादायी होते हैं। इससे आगे बढ़ने में काफी मदद मिलती हैै।

यूकॉस्ट के डीजी प्रो दुर्गेश पंत ने कहा कि नई पीढ़ी कमाल की है। वह अच्छा काम कर रही है और आत्मविश्वास से भरी हुई है। पुराने जमाने में लोग सीमित जानकारी के साथ आगे बढे़, लेकिन आज के युवा के पास असीमित जानकारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंडियों के डीएनए में ही कठोर मेहनत, संघर्ष और ईमानदारी है। इसलिए विकसित उत्तराखण्ड बनने में कोई अड़चन नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य तरक्की कर रहा है। आज देश की पांचवीं साइंस सिटी देहरादून में बन रही है, जिसकी पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। सत्र के मॉडरेटर दून विश्वविद्यालय के प्रो हर्ष डोभाल रहे। उत्तराखंडी प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश भट्ट ने चर्चा में भाग लेने वाले अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button