देहरादून। ऑनलाइन केवाईसी अपडेट कराने का झांसा देकर एक व्यक्ति से दस लाख रुपये ठग लिए गए। उदय विहार, पीवीसीएल कॉलोनी निवासी कमल सिंह चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 जून को उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉलर ने खुद को पीएनबी का कर्मचारी बताते हुए उनसे ऑनलाइन केवाईसी करवाने को कहा। झांसे में लेकर ठग ने उनके मोबाइल पर एक ऐप का लिंक भेजा। कमल सिंह के अनुसार लिंक खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। देर रात उनके पास बैंक से दो मैसेज आए। जिनमें उनके खाते से कुल 9.99 कट गए। ठगी का पता लगने पर पीड़ित ने अपना बैंक खाता फ्रीज करवाया और उसी रात नेशनल साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इंस्पेक्टर पटेलनगर विनोद गुसाईं ने बताया कि मामले में रविवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।