सृष्टि को न्याय की मांग को लेकर श्रीनगर में कैंडल मार्च, कीर्तिनगर में शिक्षकों ने दी श्रद्धांजलि
श्रीनगर। शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार सांय श्रीनगर में स्थानीय लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर न्याय की आवाज बुलंद की, जबकि कीर्तिनगर में शिक्षकों ने शोकसभा आयोजित कर दिवंगत शिक्षिका को श्रद्धांजलि अर्पित की। पीपलचौरी से गोला पार्क तक निकाले गए कैंडल मार्च में लोगों ने सृष्टि कंडारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और न्याय की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच का आग्रह किया।गढ़वाल विवि की पूर्व छात्रा प्रतिनिधि प्रियंका खत्री ने कहा कि मामले में दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और समाज में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास बना रहे।राजकीय शिक्षक संघ, ब्लॉक कीर्तिनगर अध्यक्ष महेन्द्र सिंह कठैत ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र कठोर सजा दिलाने की मांग की। कहा कि घटना की सच्चाई सामने लाकर पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।न्याय की मांग करने में सरस्वती देवी, नितिन नेगी, सौम्या, स्वाति, शोभा आदि मौजूद रहे।