हकीमपुर तुर्रा में वाहन की टक्कर, एक कांवड़ यात्री की मौत
हरिद्वार । हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहे चार युवकों की दो बाइकों को हकीमपुर तुर्रा के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के रहने वाले चार युवक हिमाचल प्रदेश में रह रहे थे। शनिवार सुबह वे दो बाइकों पर सवार होकर भगवानपुर की ओर से हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहे थे। जैसे ही दोनों बाइक हकीमपुर तुर्रा के पास पहुंचीं, तभी सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने दोनों बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में नन्हे लाल पुत्र चेतराम (32), निवासी बदायूं, उत्तर प्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बृजपाल पुत्र रामपाल (40) निवासी फरीदपुर, बरेली और साहिब सिंह पुत्र जगदीश (33), निवासी बिजौली, बदायूं गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि संदीप पुत्र जगदीश, निवासी बिजौली, बदायूं को मामूली चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
