जयपुर से देहरादून आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट रविवार सुबह खराब दृश्यता (विजिबिलिटी) के कारण निर्धारित समय पर जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी। पहली कोशिश में लैंडिंग में असमर्थ रहने पर पायलट को विमान हवा में ही मोड़ना पड़ा। इसके बाद फ्लाइट ने देहरादून, हरिद्वार और सहारनपुर जिले के आसमान में करीब छह चक्कर लगाए।
जानकारी के अनुसार, यह फ्लाइट रोजाना सुबह 6:50 बजे जयपुर से उड़ान भरती है, लेकिन रविवार को यह 6 मिनट पहले सुबह 6:44 बजे रवाना हो गई थी। विमान तय समय के अनुसार सुबह 8:15 बजे जॉलीग्रांट हवाई अड्डे के ऊपर पहुंच गया था, लेकिन एयरपोर्ट क्षेत्र में दृश्यता बहुत कम होने की वजह से पायलट ने सुरक्षा के लिहाज से लैंडिंग टाल दी।
आसमान में करीब आधा घंटा चक्कर काटने और दृश्यता में सुधार होने के बाद, सुबह 8:45 बजे पायलट ने विमान की जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई। विमान के सही सलामत उतरने के बाद ही यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली।
