किसानों को फसल बीमा का जल्द होगा भुगतान
देहरादून। फसल बीमा योजना के तहत दिसम्बर-जनवरी में सेब की फसल के निरस्त हुए बीमा को दोबारा शुरू कराकर किसानों को जल्द लाभान्वित किया जाएगा। इस मामले में किसानों की गुहार के बाद कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्र सरकार से संपर्क साधा था, जिसके बाद यह राहत दी जा रही है। इसके लिए मंत्री ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताया।
बुधवार को कैंप कार्यालय में एसबीआई एग्रीकल्चर जनरल इंश्योरेंस के अफसरों ने मंत्री गणेश जोशी से भेंट की। उन्होंने मंत्री को अवगत कराया कि दस्तावेजों में तकनीकी त्रुटि की वजह से किसान इस योजना से लाभान्वित नहीं हो पाए थे। इस मामले में जोशी ने केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर सरकारी पोर्टल दोबारा खोलने का अनुरोध किया था, ताकि सेब की फसल का पुनः बीमा हो सके। बीमा कंपनी के अफसरों ने बताया कि अब केंद्र सरकार से पत्र मिल गया है, जिसके तहत किसानों के फसल बीमा का भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिए गए हैं। इस पर मंत्री जोशी ने कहा कि उपज किसान की आत्मा है। उन्होंने बीमा कंपनी के अफसरों को किसान हित को ध्यान रखकर काम करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान चीफ बिजनेस ऑफिसर राकेश कोल, नेशनल हेड पीयूष कुमार सिंह, स्टेट मैनेजर रूपक बिष्ट, रीजनल मैनेजर परमानंद शर्मा मौजूद रहे।