-पुलिस पर पथराव में शामिल एक गिरफ्तार
हरिद्वार । गोवर्धनपुर में पुलिसकर्मियों पर पथराव करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करने में जुट गई है। घटनास्थल की वीडियो फुटेज से पुलिस अभी तक नौ लोगों को चिन्हित कर इनमें से एक को गिरफ्तार भी कर चुकी है। बाकी पत्थरबाजों को भी पहचानकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास भी पुलिस कर रही है।
खानपुर विधायक उमेश कुमार व पूर्व विधायक चैंपियन के बीच चल रहे विवाद को लेकर शुक्रवार को लक्सर में उमेश समर्थकों की पंचायत होनी थी। पुलिस पंचायत में आ रहे लोगों को रोक रही थी। खानपुर के गोवर्धनपुर में भी पुलिस ने विधायक उमेश कुमार के समर्थकों को रोका था। इससे नाराज समथकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया था। बाद में पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को भगाया था। इस मामले में देर शाम गोवर्धनपुर पुलिस चौकी प्रभारी समीप पांडेय की तहरीर पर खानपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से पुलिस पथराव की विडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही थी।
एसआई समीप पांडे ने बताया कि अभी तक नौ लोगों की पहचान हो चुकी है। इनमें अंकुर पुत्र शेरसिंह, पुनीत पुत्र वेदपाल, अंकुश पुत्र मुकेश व मनीष पुत्र इच्छाराम गोवर्धनपुर के निवासी हैं। इनके अलावा मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के सतीश भारद्वाज व राज किशोर शर्मा इसी जिले में चरथावल थाने के रोहणी हरजीपुर निवासी विकास भारद्वाज, छपार थाने के तेजलहेड़ा निवासी कपिल पंडित और लोनी गाजियाबाद के प्रवेश भारद्वाज की शिनाख्त भी की जा चुकी है। बताया कि इनमें से मनीष को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। बताया कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर बाकी आरोपियों की भी जल्द से जल्द पहचान करके उनकी गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।
