क्राइम

नेपाल लिंक वाले गिरोह सहित 04 आरोपी गिरफ्तार, एक विधि-विवादित किशोर संरक्षण में

बाइक चोरों पर चमोली पुलिस का बड़ा प्रहार: दो अलग-अलग मामलों में 5 लाख कीमत से अधिक चोरी की 04 मोटरसाइकिलें बरामद, नेपाल लिंक वाले गिरोह का भंडाफोड़

नेपाल लिंक वाले गिरोह सहित 04 आरोपी गिरफ्तार, एक विधि-विवादित किशोर संरक्षण में

जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए चमोली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों का सफल अनावरण कर चोरी की कुल 04 मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता हासिल की है। एक ओर जहां अंतरराज्यीय एवं नेपाल लिंक वाले संगठित वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं दूसरी ओर बद्रीनाथ धाम से चोरी हुई मोटरसाइकिल को 24 घंटे के भीतर बरामद कर एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया।

पहला मामला: नेपाल लिंक वाले बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़

दिनांक 28 अप्रैल 2026 को कमली राम निवासी थराली ने थाना थराली में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी लगभग ₹2.25 लाख कीमत की KTM RC-200 मोटरसाइकिल पन्ती, नारायणबगड़ क्षेत्र से चोरी हो गई है। इस संबंध में थाना थराली में मु0अ0सं0-08/2026 धारा 303(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया।

इसके बाद 22 मई 2026 को प्रद्युम्न सिंह निवासी जबरकोट, थराली ने भी अपनी लगभग ₹2 लाख कीमत की पल्सर RS-200 मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना दी। जिसके आधार पर मु0अ0सं0 10/26 धारा 303(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया।

लगातार हुई दोनों वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा घटनाओं के शीघ्र अनावरण, अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं चोरी गए वाहनों की बरामदगी हेतु पुलिस टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने जनपद एवं गैर-जनपद क्षेत्रों अल्मोड़ा,नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर के लगभग 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। अथक प्रयासों के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनसे पता चला कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों को दो नेपाली नागरिक उत्तराखण्ड के विभिन्न जनपदों में ले गए हैं।

सघन विवेचना के उपरांत मुख्य अभियुक्त देव भण्डारा पुत्र रुद्र वीर भण्डारा निवासी सुरखेत, नेपाल को दिनांक 06/06/2026 को जनपद सुल्तानपुर से तथा उसके साथी प्रेम बहादुर पुत्र राम प्रसाद निवासी जाजरकोट नेपाल को दिनांक 07/06/2026 थाना थराली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों को नैनीताल और अल्मोड़ा क्षेत्र में छिपाकर रखा गया है। न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त कर अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी की गई पल्सर RS-200 एवं KTM RC-200 मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि KTM मोटरसाइकिल को चोरी का होने की जानकारी होने के बावजूद पीयूष आर्य पुत्र माधोराम आर्य निवासी पाण्डेखोला जिला अल्मोडा ने खरीदकर अपने परिचित कुनाल सिंह बिष्ट पुत्र संजय सिंह बिष्ट निवासी गरगूठ खोल्टा जनपद अल्मोडा को मात्र ₹40,000 में बेच दिया था। चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में संलिप्त पाए जाने पर दोनों को भी गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 303(2), 61(2), 317(2), 317(5) एवं 318(4) बीएनएस के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह महंगी स्पोर्ट्स बाइकों को निशाना बनाकर चोरी करता था और उन्हें नेपाल तथा अन्य क्षेत्रों में बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित करता था। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों एवं नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

दूसरा मामला: बद्रीनाथ धाम से चोरी बाइक 24 घंटे के भीतर बरामद

दिनांक 07 जून 2026 को गुरप्रीत सिंह निवासी मोहाली, पंजाब ने कोतवाली बद्रीनाथ में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या PB-65AP-5537 माणा प्रवेश द्वार के समीप से चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही चमोली पुलिस सक्रिय हो गई। वाहन का विवरण एवं फोटो विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किए गए तथा व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।

इसी दौरान गौचर पुलिस चौकी द्वारा चेकिंग के समय एक संदिग्ध किशोर को उक्त मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। दस्तावेजों एवं वाहन के विवरण का मिलान करने पर यह वही चोरी की गई मोटरसाइकिल पाई गई।

पूछताछ में 14 वर्षीय विधि-विवादित किशोर ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह हरिद्वार से एक अन्य मोटरसाइकिल चोरी कर बद्रीनाथ पहुंचा था। रास्ते में पेट्रोल समाप्त होने पर उसने माणा क्षेत्र में खड़ी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को अपनी चाबी से स्टार्ट कर चोरी कर लिया और पहले चोरी की गई बाइक वहीं छोड़ दी। किशोर के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद होने पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई तथा किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत उसे संरक्षण में लिया गया।

चमोली पुलिस का संदेश

चमोली पुलिस जनपद में अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। वाहन चोरी जैसे संगठित अपराधों पर कड़ी निगरानी रखते हुए अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जा रहा है। आमजन से अपील है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर पार्क करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस टीम (थाना थराली प्रकरण)

1- थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया
2- चौकी प्रभारी नारायणबगड उ0नि0 देवेन्द्र कुमार
3- चौकी प्रभारी ग्वालदम अपर उ0नि0 लक्ष्मण सिंह
4- हे0का0 गम्भीर सिह थराली
4- कान्स0 आशुतोष तिवारी (एसओजी)
5- कान्स0 राजेन्द्र सिंह (एसओजी/ विशेष सहयोग)
6- कान्स0 रविकांत (एसओजी)
6- कान्स0 रोहित राणा थराली
7- कान्स0 नीतीश थराली
8- कान्स दीपक नेगी

पुलिस टीम (कोतवाली बद्रीनाथ प्रकरण)

1- चौकी प्रभारी गौचर मानवेन्द्र गुंसाई
2- हे0कान्स0 हरेन्द्र
3- हे0कान्स0 प्रदीप
4- कान्स0 अशोक
5- कान्स0 सुशील
6- कान्स0 कमलेश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button