जनता दरबार

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं स्थायी समाधान करने के सख्त निर्देश दिये।

जिला सभागार गोपेश्वर में जनता दरबार का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचन्द्र शेट की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान उन्होंने समस्त विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में उपस्थित आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। शिकायतों का समाधान करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं स्थायी समाधान करने के सख्त निर्देश दिये।

ग्राम प्रधान सरतोली, महेन्द्र सिंह बिष्ट ने बिना पूर्व सूचना के उनके ग्राम सभा में वन सरपंच के चुनाव कराने सम्बन्धी शिकायत दर्ज करायी, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपजिलाधिकारी चमोली को जांच करने के निर्देश दिये।

ग्राम प्रधान ईराणी, दीपा देवी ने निजमुला-पाणा-ईराणी क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग सुधारीकरण कार्य कराने की मांग रखी, देव सिंह नेगी ने क्षतिग्रस्त घाट-भेंटी मोटर मार्ग के सुधारीकरण और बृजमोहन सजवाण ने लाता गांव के समीप धौलीगंगा नदी में हो रहे अवैध खनन सम्बन्धी शिकायत जनता दरबार में रखी।

अन्य शिकायत कर्ताओं शंकर रावत, लछम सिंह, अनिल रावत ने जिला पूर्ति, लोक निर्माण, समाज कल्याण, वन, शिक्षा विभाग, विद्युत, ग्रामीण निर्माण विभाग सम्बन्धी अपनी समस्याओं को जनता दरबार में रखा प्राप्त सभी शिकायतों के प्रभावी निस्तारण हेतु मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

जनता दरबार के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचन्द्र शेट ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल (1905) पर लंबित शिकायतों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अनिवार्य रूप से शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता कर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करें और आवश्यकता पड़ने पर स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान करें। इसके अतिरिक्त, मुख्य विकास अधिकारी ने जिला योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े सभी प्रस्तावित विकास कार्यों एवं योजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।

इस दौरान बैठक में अपर जिलाधिकारी, नारायण सिंह नबियाल मुख्य कृषि अधिकारी, जयप्रकाश तिवारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, रमेश चंद्र त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button