केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा में मलबा आने से आवाजाही बाधित, यात्री रोके
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर शनिवार सुबह चीरबासा में मलबा और पत्थर आने से रास्ता अवरुद्ध हो गया। मार्ग बाधित होने के कारण सुरक्षा के दृष्टिगत यात्रियों को गौरीकुंड में रोक दिया गया। सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग की टीम मार्ग को सुचारु करने में जुट गई, जबकि पुलिस बल और रेस्क्यू टीम मौके पर तैनात हैं।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह 7:22 बजे सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड ने चीरबासा में मलबा और पत्थर आने से केदारनाथ पैदल मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना दी। इसके बाद जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित विभाग को तत्काल अवगत कराया।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), गुप्तकाशी के अवर अभियंता ने बताया कि मार्ग को खोलने के लिए मजदूरों को लगाया गया है। मार्ग पर आवाजाही बहाल करने के लिए कार्य किया जा रहा है। वहीं, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गौरीकुंड में उन्हें रोका गया है। पुलिस बल और रेस्क्यू टीम भी मौके पर मौजूद हैं।
0 0 1 minute read