विकासनगर। सहसपुर में एक हिंदू युवक पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाए जाने और मारपीट का आरोप लगाते हुए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने सहसपुर थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन विहिप जिलाध्यक्ष रमेश ढोंढियाल और जिला संयोजक शेखर बंसल के नेतृत्व में किया गया।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन एक पुलिसकर्मी ने कार्रवाई करने के बजाय उसे ही डराया-धमकाया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विहिप जिलाध्यक्ष रमेश ढोंढियाल ने कहा कि पीड़ित की शिकायत पर तत्काल निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। किसी भी व्यक्ति पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाना या उसके साथ मारपीट करना गंभीर मामला है। यदि पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और पीड़ित को ही डराने का प्रयास किया गया तो संगठन इसका विरोध करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो विहिप और बजरंग दल आंदोलन तेज करेंगे।
इस दौरान शेखर बंसल, मनीष नेगी, सुमित राणा, सूरज कुमार, सौरभ दातपुरी, संजय अग्रवाल, तुसार श्रीवास्तव, विकास बड़ोला, राहुल रावत, उमेश जोशी, रचित मिश्रा आदि मौजूद रहे।